केमरी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बिजली की लाइन के गाड़े जा रहे खंभे के ढीले तारों पर लटक रहे चार युवाओं की बजह से बिजली का खंभा टूटकर गिर गया, जिसके कारण कक्षा नौ के एक छात्र की मौत हो गई और एक बच्चा घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। ग्राम प्रधान ने घटना के लिए बिजली विभाग व ठेकेदार के जिलए जिम्मेदार ठहराया है।
घटना केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिमरिया की है। ग्राम सिमरिया में स्वार खुर्द से सिमरिया के बीच बिजली एक नई लाइन खींची जा रही है। ठेकेदार द्वारा बिजली के खंभों को गाडने के साथ ही बिजली के तारों को नीचे करके बांध दिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की अपराह्न करीब तीन बजे ग्राम सिमरिया निवासी नरेश राठौर का पुत्र संजय राठौर (15) जो गांव के ही एक इंटर में कक्षा नौ में पढ़ता था।
वह रविवार को अपने गांव निवासी तीन मित्रों गजेंद्र, सोनू व एक अन्य के साथ गांव के बाहर जंगल में बिजली के खंभे के पास बैठा था। ग्रामीणेां के मुताबिक, खेल-खेल के दौरान चारों किशोर बिजली के तारों को पकड़कर झूलने लगे। इस दौरान अचानक सीमेंट का खंभा टूटकर गिर गया। जिसके नीचे दबकर संजय कर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, गजेंद्र घायल हो गया। आनन-फानन में तमाम लोग ग्राम प्रधान कृष्णा देवी शर्मा के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद संजय के घर में कोहराम मच गया।
प्रधानपति रामौतार शर्मा ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। केमरी थाना प्रभारी सुशील कुमार बर्मा भी पहुंच गए, मगर परिजनों ने शव का पीएम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को दे दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना के बाद बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।