मिलक। मिलक-बिलासपुर रोड पर खमरिया के पास तेज रफ्तार कंटेनर और बोलेरो की टक्कर में बोलेरो में सवार आठ लोग घायल हो गए। घायलों में से दो की स्थिति गंभीर बताए जा रहे हैं। घायल बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के तिलमास गांव के एक परिवार के लोग हैं, जो केमरी में एक रिश्तेदार की मौत के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे।
बरेली जिले के थाना मीरगंज क्षेत्र के तिलमास गांव निवासी एवं बोलेरो सवार अलीजान के परिवार के आठ सदस्य मिलक-बिलासपुर रोड से अपने गांव लौट रहे थे। ये सभी केमरी थाना क्षेत्र के पजैया गांव में एक रिश्तेदार की मौत के बाद दफन में भाग लेेने आए थे। वापस लौटते समय शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे मिलक-बिलासपुर रोड पर स्थित गुलडिया भाट और खमरिया गांव के पास बोलेरो की एक कंटेनर से भिड़ंत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर की भिड़ंत पर दोनों वाहन खड्ड में जाकर पलट गए। हादसे पर बोलेरो पलटने पर बोलेरो सवार एक ही परिवार के आठ सदस्य दब गए। जिस पर चीख-पुकार मच गई और कोहराम मच गया। चीख-पुकार पर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़े और उन्होंने बोलेरो में फंसे हुए बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बाहर निकाला। सभी घायलों को गंभीर हालत में नगर की सीएचसी पर लाया गया। जहां पर घायल हुए अलीजान, आशमीन, रफीक, फिना, सुहैल, मुन्नी, जहाना, अमीना बेगम का डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया। जहां से आनन-फानन में जिला अस्पताल रामपुर भेजा है। घायलों में एक बुजुर्ग और एक बच्चे की हालत नाजुक है।