रामपुर के भोट में एनएचएआई द्वारा डामरीकरण पर विरोध करते ग्रामीणों को समझाते एसडीएम। संवाद
- फोटो : RAMPUR
भोट। रामुपर काठगोदाम हाईवे चौड़ीकरण के दौरान थूनापुर कस्बे में कार्यदायी संस्था द्वारा डामरीकरण किए जाने पर ग्रामीण भड़क गए और भाकियू अंबावता के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हनीफ वारसी के नेतृत्व में आक्रोशित ग्रामीण एनएचएआई पर टोल की वसूली हेतु खानापूरी कर हाईवे का डामरीकरण करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों के हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सदर व सीओ केमरी द्वारा बमुश्किल आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने पर ग्रामीण शांत हुए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा रामपुर काठगोदाम हाईवे का चौड़ीकरण कर फोरलेन बनाया जा रहा है। फोरलेन को सीमेंट व कंक्रीट से बनाया जा रहा है। शुक्रवार दोपहर कार्यदायी संस्था द्वारा थूनापुर कस्बे के पास हाईवे का डामरीकरण किए जाने पर ग्रामीण भड़क गए। भाकियू अंबावता के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हनीफ वारसी के नेतृत्व में तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए व एनएचएआई पर हाईवे में स्थित टोल प्लाजा को चालू करने के लिए खानापूरी करने को आरोप लगाते हुए हाईवे अथारिटी के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन करने लगे। किसानों और ग्रामीणों द्वारा हंगामे की सूचना पर थानाध्यक्ष योगेन्द्र सिंह व एनएचएआई के पीडी योगेन्द्र शर्मा मौके पर पहुंच गए व आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों का कहना था कि एनएचएआई के अधिकारी लिखित रूप में दे कि जब तक हाईवे का पूरा निर्माण नहीं किया जाएगा तब तक टोल प्लाजा को शुरू नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा अपनी मांग पर अड़े रहने पर थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार वर्मा व सीओ केमरी अशोक कुमार पांडे फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए व आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान आक्रोशित किसान नेता पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। जिस पर उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार वर्मा ने बमुश्किल ग्रामीणों को समझाया व ग्रामीणों से लिखित रूप में प्रार्थना पत्र देने व हाईवे निर्माण कार्य सुचारू करने देने के आश्वासन पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हो गए।