सोमवार की रात आए भूकंप के झटकों से ग्राम कुण्डेसरी में एक मकान में दरार पड़ गई। मंगलवार सुबह दरार से क्षतिग्रस्त हुए मकान के दो कमरों और बरामदे का लिंटर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। गृह स्वामी ने सूचना तहसील प्रशासन को दी। जिसके बाद लेखपाल ने मौके पर पहुँच कर मुआयना किया है।
क्षेत्र के ग्राम कुण्डेसरी निवासी विनोद कुमार शिक्षा प्रेरक है और बीएलओ ड्यूटी में तैनात हैं। जबकि उनकी पत्नी सरबती रानी कुण्डेसरा के प्राथमिक स्कूल में सहायक अध्यापिका हैं। गृह स्वामी विनोद कुमार के अनुसार सोमवार की रात आए भूकंप के झटकों से मकान के लिंटर में दरारें आ गईं थीं। मंगलवार की सुबह दस साल की बेटी अनुप्रिया व छह साल के बेटे यश को स्कूल भेजने के बाद वह और उसकी पत्नी मकान बंदकर ड्यूटी पर चले गए थे।
करीब 9 बजे मकान के दो कमरों और बरामदे के लिंटर का कुछ हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। मकान के दूसरे हिस्से में रह रहे भाई वेदप्रकाश ने फोन से इसकी सूचना दी। इस दौरान लिंटर टूटकर गिरने की आवाज से ग्रामीणों की भीड़ भी जमा हो गई। गृह स्वामी द्वारा तहसील प्रशासन को घटना की सूचना दी गयी।
सूचना पर लेखपाल सुशील कुमार ने मौके पर पहुँच कर मुआयना किया। लिंटर टूटकर गिरने से गृह स्वामी का डबलबेड, अलमारी, टीवी आदि समान क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों में चर्चा है कि यदि लिंटर गिरने के समय परिजन मकान में मौजूद होते तो बड़ी घटना हो सकती थी ।