रामपुर। लॉकडाउन व कोरोना कर्फ्यू की बंदिशों के बीच जिले में गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया भी चालू है। पिछले साल की तुलना में इस बार भले ही कोरोना संक्रमण की घातकता अधिक है, लेकिन इसके बावजूद गेहूं खरीद की रफ्तार पिछले साल की तुलना में तेज चल रही है। जिले में अब तक करीब 87 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि पिछले साल अब तक करीब 50 हजार मीट्रिक टन गेहूं की ही खरीद हो सकी थी।
जिले में कोरोना संक्रमण की बंदिशों के बीच भी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद की रफ्तार कम नहीं हुई है। किसानों को क्रय केंद्रों पर जाकर गेहूं बेचने के लिए लॉकडाउन व कोरोना कर्फ्यू की बंदिशों से छूट दी गई है। जिले में इस बार गेहूं क्रय के लिए 124 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 123 क्रय केंद्र सक्रिय हैं। पिछले साल के कोरोना काल की तुलना में इस बार भले ही कोरोना संक्रमण की घातकता अधिक है, लेकिन इसके बावजूद क्रय केंद्रों पर पिछले साल 15 मई तक की गई खरीद की तुलना में इस साल करीब डेढ़ गुना से अधिक खरीद की जा चुकी है।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी डॉ. अनुपम कुमार निगम ने बताया कि जिले में अभी तक 13279 किसानों से क्रय केंद्रों पर 87825.57 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। जिसका भुगतान करीब 172 करोड़ रुपये होता है, जिसके सापेक्ष करीब 128 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।