रामपुर। सांसद आजम खां के मोहल्ले की पानी की टंकी का पंप खराब हो गया। इससे क्षेत्र के हजारों घरों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। आलम यह है कि पिछले चार दिनों से क्षेत्र में पानी की किल्लत है। हालांकि, नगर पालिका के अधिकारियों की मानें तो पंप का सामान न होने की वजह से ठीक नहीं हो सका। शुक्रवार तक सामान आ जाएगा, जिसके बाद शनिवार तक पेयजल आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।
शहर में पेयजल के मुकम्मल संसाधन होने के बाद भी लोगों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। लापरवाही और सुस्ती की वजह से हजारों लोगों की आबादी शुद्ध पेयजल की मोहताज है। मामला सांसद आजम खां के मोहल्ले का है। यहां पानी की टंकी बनी है, जिससे चार वार्डों में पेयजल की आपूर्ति होती है। लेकिन, इन दिनों इस इलाके का बुरा हाल है। दरअसल, करीब चार दिन पहले पानी की टंकी का पंप खराब हो गया था।
ऐसे में क्षेत्र के मोहल्ला पीपल वाला घेर, मोहल्ला ठोठर, जेल रोड, जाटव बस्ती, पुलिस कॉलोनी, आसरा आवास कॉलोनी, घेर मीर बाज खां, लाला का नीम, घेर मुआफ खां, नालापार, बाग छोटे साहब, झूले वाली इमली, मंदिर वाली गली, बेगम वाली बगिया, घेर चंदन खां समेत तमाम मोहल्लों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। चार दिन से पानी न आने की वजह से लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। जैसे तैसे सरकारी हैंडपंप और निजी संसाधनों के जरिये पानी की आवश्यकता को पूरा किया जा रहा है।
पानी की दिक्कत हो गई है, क्योंकि पंप खराब हो गया है। उसका सामान भी यहां नहीं है। सामान बाहर से मंगवाया गया है, जो शुक्रवार को शाम तक आएगा। इसके बाद शनिवार को पंप ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।
- पीसी आर्य, जलकल अभियंता, नगर पालिका परिषद, रामपुर