फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: 25 दिन बाद वकीलों के बीच पहुंचे डीएम-एसपी, बोले- नहीं टूटेंगे चेंबर, धरना स्थगित

Thu, 20 Mar 2025 01:11 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। 25 दिन बाद डीएम जोगिंदर सिंह व एसपी विद्या सागर मिश्र वकीलों के धरनास्थल पर पहुंचे और वकीलों को भरोसा दिया कि उनके चेंबर नहीं तोड़े जाएंगे। उनके आश्वासन के बाद वकील मान गए और बृहस्पतिवार से काम पर लौटने का एलान कर दिया।
विज्ञापन

12 कक्षीय कोर्ट बनाए जाने को लेकर 28 जनवरी को न्याय विभाग की ओर से एक आदेश जारी किया गया था। इसमें वकीलों से अपने चेंबर खाली करने को कहा गया था। इस आदेश के बाद वकीलों में गुस्सा भड़क गया था। चार दिन की हड़ताल के बाद उन्होंने बेमियादी हड़ताल की घोषणा कर दी थी।
25 दिन से वकील लगातार हड़ताल पर रहकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इस बीच यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। इसके अलावा यूपी बार काउंसिल ने भी हस्तक्षेप किया था। इस मामले को सांसद मोहिबुल्ला नदवी ने भी गंभीरता से लिया और डीएम को पत्र लिखकर चेंबर न तोड़े जाने की वकालत की थी।
विज्ञापन

इसके अलावा व्यापार मंडल, किसान संगठनों ने भी वकीलों का समर्थन किया था। वकीलों ने इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विधि मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। 25 दिन से चल रही हड़ताल के मामले में अब प्रशासन ने अपना रुख साफ कर दिया है।
जिला प्रशासन के बुलावे पर बार एसोसिएशन का शिष्टमंडल बुधवार को डीएम-एसपी से मिला। इसके बाद डीएम-एसपी और एडीएम वित्त व राजस्व हेम सिंह मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने एलान किया कि उनके चेंबरों को ध्वस्त नहीं किया जाएगा। शासन की ओर से इंटीग्रेटेड कोर्ट भवन की 30 एकड़ जमीन दूसरे स्थान पर आवंटित कर दी गई है।
डीएम के आश्वासन के बाद बार ने एक संयुक्त बैठक बुलाकर अपना आंदोलन स्थगित करने की घोषणा कर दी। अब वकील बृहस्पतिवार से फिर से अदालतों में कामकाज करेंगे।
इस मौके पर बार अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू, महासचिव ठाकुर कौशलेंद्र, लायर्स एसोसिएशन के सिराज अहमद, सतीश चंद्र गुप्ता, मुस्तफा अहमद, ठाकुर पृथ्वी भान सिंह, सर्वजीत सिंह, परम सिंह आर्य, संजीव यादव, खालिदा जरीन, मोहम्मद फैजी, मुबश्रिर अली, जाहिद अली, नील कमल राजपूत आदि मौजूद रहे।

समर्थन करने वालों का बार ने जताया आभार
चेंबर बचाने को लेकर चल रहे वकीलों के आंदोलन का समर्थन करने वाले लोगों का बार एसोसिएशन ने आभार जताया है। बार अध्यक्ष सतनाम सिंह मट्टू ने समर्थन करने वाले सांसद मोहिबुल्ला नदवी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, नगर विधायक आकाश सक्सेना, बार काउंसिल की प्रत्याशी हरजीत अरोड़ा, मोहित बजाज, कुलदीप जौहरी, डाॅ. कौसर जहां, सरताज गाजी, कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह का आभार जताया है।

निगरानी समिति रख रही नजर
बार के आंदोलन को सफल बनाने के लिए निगरानी समिति का गठन किया गया था जोकि वकीलों के कामकाज पर नजर रखने का काम कर रही थी। यह समिति सुबह से ही सक्रिय थी। समिति के सदस्य गेटों पर खड़े होकर काम करने वाले वकीलों को रोका करते थे।

डीएम ने चेंबर न तोड़े जाने का भरोसा दिया है, जिसके बाद बार ने हड़ताल वापस ले ली है। अब वकील बृहस्पतिवार से न्यायालयों में पूर्व की तरह काम करेंगे। -सतनाम सिंह मट्टू, अध्यक्ष, बार एसोसिएशन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें