रामपुर। जिलेभर में गणतंत्र दिवस की धूम रही। मुख्य समारोह गांधी समाधि पर हुआ, जहां जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रीय गान हुआ। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को कायम रखने पर जोर दिया। दूसरी ओर देश की तरक्की में युवाओं से अपना सहयोग देने का आह्वान किया।
गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत बुधवार को गांधी समाधि से हुई। गांधी समाधि पर जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। डीएम ने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज हर भारतवासी को गौरवान्वित होना चाहिए, क्योंकि हम सभी एक सूत्र में बंधे हैं तथा राष्ट्र की एकता व अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। हम सभी भारतवासी एक हैं और देश की अखंडता को मजबूत बनाए रखें। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. वैभव शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह सहित अन्य एवं विभिन्न विद्यालयों के भारी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। संचालन तृप्ति माहौर ने किया। वहीं, दूसरी ओर जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट परिसर में भी ध्वजारोहण कर कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने कर्तव्यों को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया। इसके अलावा विकास भवन समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में विभागाध्यक्षों ने ध्वजारोहण किया।