रामपुर। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नवीन मंडी स्थल स्थित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल का जायजा लिया। दोनों अफसरों ने अधिनस्थों को ईवीएम मशीनों को विधानसभा क्षेत्र वार तैयार करने के निर्देश दिए।
सोमवार को डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शहर स्थित नवीन मंडी परिसर में पहुंचकर व्यवस्था देखी। उन्होंने विधानसभा सामान्य निर्वाचन के अंतर्गत ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विधानसभा वार तैयार कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए कराए जा रहे प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विधानसभा वार बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी भ्रमण किया और संबंधित रिटर्निंग अफसरों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रिटर्निंग ऑफिसर अपनी विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम और वीवीपैट को अपनी देखरेख और निगरानी में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित कराएं। साथ ही पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दौरान शांतिपूर्ण माहौल में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण हो सके, इसके लिए भी जरूरी तैयारियां पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह सहित समस्त रिटर्निंग ऑफिसर मौजूद रहे।