लोकसभा उप-चुनाव में रामपुर से भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी के समर्थन में आयोजित जनसभा में उप-मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम समझे। इसी तरह भाजपा का सांसद चुनेंगे, तो खुद को सांसद समझेंगे। उन्होंने कहा कि रामपुर और आजमगढ़ से भाजपा जीत के साथ ही अपने (यूपी भाजपा) सांसदों की संख्या 66 से 68 करने जा रही है।
उप-मुख्यमंत्री बोले- साइकिल के होंगे टुकड़े
कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव तक समाजवादी पार्टी की साइकिल के इतने टुकड़े हो चुके होंगे कि वह टुकड़ों को बटोर भी नहीं पाएगी। साथ ही बोले कि बसपा का तब तक अस्तित्व समाप्त हो जाएगा और समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी बनकर रह जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं के बारे में कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी को लाभ दिया जा रहा है।
आजम खां पर बिना नाम लिए साधा निशाना
उप-मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि रामपुर में रामराज आने जा रहा है, न कि अब्दुल्ला राज। उन्होंने आजम खां नाम लिए बगैर जमकर निशाना साधा। कहा कि जब उनकी सरकार थी, तब आम आदमी का उत्पीड़न होता था और प्रशासन उनकी भैंस की तलाश करता था।
वहीं, मुरसेना में हुई जनसभा में सपा को डूबता हुआ जहाज बताया। उन्होंने कहा कि सौ में से 60 हमारा है 40 में बंटवारा है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां, एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन औवेसी पर मुसलमानों को भड़काने का आरोप लगाया।