त्योहार पर बढ़ा डेंगू का प्रकोप, संख्या पहुंची 62
जिले में कम नहीं हो पा रहा डेंगू का प्रकोप, संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी बेअसर
रामपुर। दिवाली पर्व पर डेंगू ने तेजी से पांव पसार लिए। 4 दिन के भीतर जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में 9 नए मरीज भर्ती किए गए। 10 बेड वाले डेंगू वार्ड में अब केवल 1 बेड ही खाली बचा है। वहीं, निजी अस्पतालों में भी बीमार लोगों की संख्या दिन व दिन बढ़ती जा रही है। ऐसे मेें स्वास्थ्य विभाग का संचारी रोग नियंत्रण अभियान भी डेंगू का प्रकोप कम नहीं कर पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक जिले में डेंगू के 62 केस सामने आ चुके हैं।
मिलक के लोहा पट्टी के रहने वाले फरमान(7) को दो दिन से बुखार था। डॉक्टर से दवा लेने पर कोई फायदा नहीं हुआ तो निजी पैथ लैब से जांच कराई। जहां पर डेंगू की पुष्टि हुई। उसके पिता फरीब ने मंगलवार को जिला अस्पताल आकर डेंगू वार्ड में फरमान को भर्ती करा दिया। जबकि 24 अक्तूबर को शहर में पनवड़िया की रहने वाली सुनीता (28) को डेंगू होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया। इनको 3 दिन से ठंड देकर बुखार आ रहा था। जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई। उसी दिन तीतड़ वाली पाकड़ से मोहम्मद अमान(10) को डेंगू पीड़ित होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया और अजीनगर क्षेत्र के खौंद के रहने वाले स्वालेहार भी डेंगू से पीड़ित होकर वार्ड में भर्ती पाए गए। 23 अक्तूबर को शाहबाद के किशनपुर के अता हुसैन व शहर में सराय गेट के नासिर अली को डेंगू पीड़ित होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया। 22 अक्तूबर को शहर में तीतड़ वाली पाकड़ की रहने वाली फरहाना (35) को भी वार्ड में भर्ती कराया गया। वार्ड में 2 अन्य लोग भी डेंगू होने के बाद भर्ती कराए गए थे। 21 अक्तूबर तक जिले में डेंगू के कुल 41 केस थे। वहीं, निजी अस्पताल अपने यहां पर पहुंच रही भीड़ का कोई आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग को नहीं दे रहे हैं। निजी अस्पतालों में रोजाना सैकड़ों की संख्या में बीमार लोगों की भीड़ पहुंच रही है। वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. पंकज द्विवेदी ने बताया कि जिले में डेंगू के कुल केस 62 हो चुके हैं।
क्या बोले सीएमओ
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव-शहर में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। डेंगू संदिग्ध क्षेत्रों में लार्वा मिटाकर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। डेंगू से बचने के लिए लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। जिले में डेंगू से अब तक कोई मौत नहीं हुई है। मरीजों की रिकवरी दर अच्छी है।
डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ