धूमधाम से मनाई गई दिवाली, देर रात तक चले पटाखे
रामपुर। जिले भर में सोमवार को दिवाली धूमधाम से साथ मनाई गई। दिवाली की तैयारियों में लोग पिछले कई दिनों से लगे हुए थे। लोगों ने सुबह के वक्त अपने घर-आंगन और प्रतिष्ठान की सफाई की। इसके बाद घर और दुकान की शानदार ढंग से सजावट की गई। शाम के वक्त लोगों ने शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी-गणेश और कुबेर की पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की। घर में पूजन के बाद लोगों ने मंदिर पहुंच कर भी दीये जलाए। इसके बाद पटाखे चलाने करा दौर शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा।
लगभग सवा दो करोड़ की हुई आतिशबाजी
दिवाली के मौके पर रामपुर में सोमवार की रात जमकर पटाखे चलाए गए। शहर में चार जगह पटाखे की लगभग 99 दुकानें लगाई गई थीं। लोगों ने पटाखे की जमकर खरीदारी की। हालांकि प्रशासन ने लोगों से ग्रीन दिवाली मनाने की अपील की थी। इस अपील का लोगों पर कम ही असर दिखा। एक अनुमान के मुताबिक जिले में लगभग सवा दो करोड़ रुपये की आतिशबाजी की गई है। पिछले साल के मुकाबले यह राशि 24 लाख रुपये अधिक है।
पटाखों से बिगड़ी हवा की सेहत
दिवाली के मौके पर जमकर पटाखे चलाए जाने से हवा की सेहत खराब हो गई। सोमवार को रात के वक्त तो रामपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 400 के आसपास पहुंच गया था। हालांकि सुबह के वक्त इसमें सुधार हो गया था। सुबह के वक्त यह 196 के स्तर पर था और शाम को एक्यूआई 175 के आसपास था। डॉक्टरों का कहना है कि 175 एक्यूआई भी सेहत के लिए ठीक नहीं है। ऐसे में घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए।