रामपुर। गंज थाना क्षेत्र के इमली झूलेवाली मोहल्ले में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला इमली झूलेवाली निवासी जमाल (45) का शव रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर में गाडर से लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जांच शुरू कर दी।
गंज थाना प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें जमाल ने अपने ऊपर लगाए गए कुछ आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उनसे इन्कार किया है। साथ ही लिखा है कि वह इन आरोपों से काफी आहत था। हालांकि, सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
बताया जा रहा है कि जमाल पर अवैध संबंध और रुपये के लेनदेन के आरोप लगाए गए थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।