खूंखार जंगली जानवर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने पूरे दिन भोट क्षेत्र के कई गांवों में कांबिंग की। गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। बच्चों को जंगल न भेजने की सलाह दी जा रही है। मिलक मिर्जा फैयाज गांव में पिजरा भी रखवा दिया गया है। भोट थाना क्षेत्र के धनुपुरा और मिलक मिर्जा गांव के जंगल में शनिवार शाम खूंखार जानवर घुस आया था।
जानवर के हमले में तीन लोग घायल भी हो गए। रविवार दिन निकलने पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी (डीएफओ) गजेंद्र सिंह पूरी टीम को लेकर भोट क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने मिलक मिर्जा फैयाज, धनुपुरा, बादुल्लापुर, हरैटा, काशीपुर, ढक्का और नगलिया के जंगल में कांबिंग की। कई घंटे की कांबिंग के बाद जानवर का कहीं पता नहीं लग सका।
डीएफओ ने बताया कि ग्रामीणों में अभी भी दहशत का माहौल है। अलर्ट जारी कर दिया गया है। ग्रामीणों को वन विभाग के टेलीफोन नंबर दे दिए गए हैं। धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकरों से एलान किया जा रहा है कि बच्चों को जंगल में न जाने दें। ग्रामीण भी झुंड की शक्ल में खेतों पर जाएं।