केमरी थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में एक ग्रामीण मौत हो गई। परिजनों ने गैर समुदाय के एक युवती के तीन परिजनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। गांव शमशाबाद निवासी ट्रक चालक हंसराज (45) का शव बुधवार की सुबह सात बजे उसके वृद्ध पिता रामआसरे ने घर के बरामदे में पड़ा देखा।
पुत्र की चारपाई पर लाश देख वह बेहोश हो गए। कुछ देर बाद होश आने पर उन्होंने चीख पुकार करके लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर केमरी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लिया।
वहीं, शव के पास चारपाई के नीचे विषाक्त पदार्थ और नशे की गोलियों के पैकेट बरामद किया। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका पोता सर्वजीत बिलासपुर निवासी एक गैर समुदाय की युवती से प्रेम विवाह कर लिया है। उनका आरोप है कि युवती के परिजनों ने उसके पुत्र की हत्या करने के बाद शव को घर में फेंक दिया।
सीओ इंदु प्रभा सिंह ने मौका मुआयना करके आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक के पुत्र रवि की ओर से तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।