टांडा के नसीमगंज में सोमवार की देर रात जहरीली शराब पीने से दो लोगों को हालत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, पुलिस इस तरह की घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
इन दिनों गांव में पंचायत चुनावों की खुमारी चढ़ी हुई है। चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की ओर से मतदाताओं को रिझाने के लिए शराब पिलाई जा रही है। टांडा थाना क्षेत्र के सैदनगर चौकी के अंतर्गत आने वाले गांव नसीमगंज में रविवार की रात ऐसी ही महफिल सजी थी। इसमें लोगों को शराब पिलाई जा रही थी।
बताया जाता है कि जहरीली शराब पीने के बाद सुखवीर सिंह और धीर सिंह की हालत बिगड़ गई। गांव के लोगों ने दोनों को गंभीर स्थिति में मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में ले गए। जहां इलाज के दौरान सुखवीर की मौत हो गई। धीर सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
टीएमयू के डाक्टरों के मुताबिक दोनों को गंभीर स्थिति में यहां लाया गया था और दोनों नशे की स्थिति में थे। टीएमयू के डा. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शराब में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था। इससे सुखवीर सिंह और धीर सिंह की हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान सुखवीर की मौत हो गई। वहीं धीर सिंह हालत गंभीर बनी हुई है।