नेशनल हाईवे पर पसियापुुरा बाईपास पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का हेल्पर क्षतिग्रस्त ट्रक के अंदर बुरी तरह से फंस गया। ट्रक से निकाले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बाईपास पर जाम भी लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर जाम खुलवाया। हरियाणा के मेवानी के गांव चांदपुर निवासी राजवीर हेल्पर राजेंद्र के साथ ट्रक लेकर बरेली की ओर जा रहा था। रामपुर में बाईपास पर सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सामने से आ रहा ट्रक कुरुक्षेत्र निवासी संजीव चला रहा था। हादसे में तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। एक ट्रक का हेल्पर राजेंद्र क्षतिग्रस्त ट्रक के अंदर फंस गया। आसपास के लोगों तीनों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। किसी तरह से ट्रक चालक राजवीर और संजीव को बाहर निकाला गया।
राजेंद्र बुरी तरह से फंस गया था। जब तक उसे निकाला गया उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे लगवाया। फिर कहीं जाकर जाम खुल सका। हादसे के बाद बाईपास के पास स्थित गांव के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
घायलों को किसी तरह से बाहर निकाला। अगर गांव के लोग हादसे के बाद मौके पर नहीं पहुंचे होते तो और भी मौत हो सकती था। गांव के लोगों की एकजुटता की वजह से दो लोगों की जान बच गई।