क्षेत्र में संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर गला घोंटकर हत्या करने और शव को जलाने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस दौरान आरोपी ससुराली फरार हैं। वहीं, मायके वालों का आरोप था कि सूचना के दूसरे दिन भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है।
बाद में मृतका के चारों बच्चों के नाम 18 बीघा भूमि का बैनामा होने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। केमरी के ग्राम मुझियाना निवासी छेदालाल गंगवार की शादी करीब 17 वर्ष पूर्व खजुरिया थाने के गांव चैनपुर निवासी महेंद्र गंगवार की बहन तारावती (34) के साथ हुई थी। शादी के बाद महिला ने दो पुत्र व दो पुत्रियों को जन्म दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, छेदालाल और तारावती के बीच अक्सर विवाद हो जाता था। बुधवार की अपराह्न करीब तीन बजे भी दोनों के बीच मारपीट हुई। आरोप है कि मारपीट के दौरान गला दबने से तारावती की मौत हो गई। बाद में ससुराल वालों ने शव को घर में ही जलाने की कोशिश की। मोहल्ले के लोगों के आने के कारण ससुराली शव को घर में ही छोड़कर भाग गए।
ग्रामीणों की सूचना पर मृतका का भाई महेंद्र अपने अन्य संबंधियों के साथ मौके पर पहुंच गया। साथ ही केमरी पुलिस को हत्या की सूचना दी। आरोप है कि पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में बुधवार की रात मृतका के ससुर और मायके वालों के बीच समझौते की बात चलती रही।
इस दौरान छेदा लाल के नाम हिस्से में आने वाली 18 बीघा जमीन में दो पुत्रियों काजल व पायल के नाम दो दो बीघा और दो पुत्रों पुष्पेंद्र व तोषेंद्र के नाम सात सात बीघा जमीन का बैनामा कराया जाएगा। गुरुवार को मृतका के ससुर ने मिलक तहसील पहुंचकर बैनामा बच्चों के नाम कराया।
इसके बाद गुरुवार की शाम को मृतका का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, केमरी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर, कोई तहरीर आती तो वह रिपोर्ट दर्ज करके शव का पेेस्टमार्टम भी कराते।