शाहबाद में भूसे में दबकर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। शाहबाद थाना क्षेत्र के गांव बंदार निवासी जयवीर शुक्रवार की सुबह बोंगा में से भूसा निकालने गया था।
इस दौरान भूसा निकलाते समय वह इसके अंदर दब गया। करीब दो घंटे तक जब वह वापस नहीं आया तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। साथ ही उसे खोजते हुए बोंगा की ओर पहुंच गए, जहां भूसे के अंदर युवक को दबा देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
आनन-फानन मे परिवार के लोग उसको लेकर शाहबाद अस्पताल पहुंच गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया। बाद में परिवार के लोग शव को घर ले आए। जहां बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया है।