तीन बदमाशों ने दढ़ियाल-टांडा मार्ग पर सीकमपुर मिलक के पास शुक्रवार की देर शाम बाइक सवार दंपति से नगदी और मोबाइल फोन लूट लिए। साथ ही मासूम पुत्र की कनपटी पर तमंचा रखकर महिला के जेवर भी ले गए। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है। वारदात के चौबीस घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
टांडा के मोहल्ला राहुपुरा निवासी रिजवान उर्फ लाला अपनी पत्नी और पुत्र के साथ बाइक से दढ़ियाल से टांडा आ रहा था। सीकमपुर मिलक के पास सशस्त्र तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। साथ ही बाइक की चाबी निकाल कर अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद एक बदमाश ने दंपति के पुत्र की कनपटी पर तमंचा तथा दूसरे ने रिजवान की गर्दन पर धारदार हथियार रख कर उसकी महिला से आभषण लूट लिए। इस दौरान बदमाशों ने आभूषण तथा उसके पति से 5 हजार रुपये नगदी और एक मोबाइल लूट लिया।
लूट के बाद बदमाश दंपति को पुलिस कार्रवाई न करने की धमकी देते हुए बाइक की चाबी साथ ले कर चले गए। बाद में दंपति ने थाने में पहुंच कर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।