काशीपुर (उत्तराखंड) से घर लौट रही युवती के साथ निजी बस में कस्बे के ही युवक ने छेड़खानी कर दी। युवती काफी देर तक परेशानी झेलती रही। बस के दढ़ियाल पहुंचने पर युवती ने चंडी का रूप ले लिया और मनचले की चप्पलों से धुनाई कर दी। बाद में पहुंचे परिजनों और पुलिस ने भी आरोपी को जमकर धुना। युवती के परिजनों के कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने आरोपी को हिदायत देकर छोड़ा दिया। पूरे दिन ये मामला लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा।
बुधवार पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती काशीपुर (उत्तराखंड) से निजी बस में सवार होकर घर लौट रही थी। बताया जाता है की बस में सवार कस्बे के ही युवक ने युवती से छेड़खानी कर दी। युवती ने मनचले की इस हरकतों का विरोध किया तो उल्टा वो युवती को धमकाने लगा। काफी देर तक युवती परेशानी झेलती रही। जैसे ही बस दढ़ियाल पहुंची और रुकने को हुई।
युवती ने मर्दानी का रूप ले लिया। मनचले को घेर लिया और चप्पलों से उसकी धुनाई शुरू कर दी। इस दौरान युवक ने भागने की कोशिश की तो भी युवती उससे भिड़ गई। कहीं से जानकारी पाकर युवती के परिजन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भागने की कोशिश कर रहे मनचले को युवती और पुलिसकर्मियों ने जमकर पीटा। पुलिस आरोपी को चौकी लेकर आई। चौकी प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया की युवती के परिजनों के कार्रवाई से इंकार करने पर युवक को छोड़ दिया गया।