पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला घेर मर्दान खां निवासी मुराद खां की आंगनबाड़ी कार्यकत्री पत्नी अफशां मुराद की बुधवार को संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई थी।
उसकी मौत इलाज के दौरान मुरादाबाद के अस्पताल में हुई थी। अफशां की मौत के बाद परिवार के लोगों ने शव को दफन भी कर दिया था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि अफशां की स्वाभविक मौत नहीं हुई है,बल्कि उसे जहर देकर मारा गया है। इस सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस इस मामले में शव को कब्र से निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराने के लिए डीएम व एसपी से कार्रवाई की मांग की,जिसके बाद डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने सिटी मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल की निगरानी में कब्रिस्तान में अफशां की कब्र खुदवाई गई और फिर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अफशां के शव को निकलवाया गया। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
इस मामले में कोतवाली में तैनात सिपाही आरिफ की ओर से शहर कोतवाली में पति मुराद खां व एक अन्य के खिलाफ जहर देकर हत्या कर देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिटी मजिस्ट्रेट के मुताबिक डीएम के आदेश पर महिला के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया है। शहर कोतवाल राघवराम मिश्रा के मुताबिक मुहल्ले के लोगों से जानकारी मिली थी कि अफशां को जहर देकर मारा गया है। मामले की जांच में अफशां के पति का नाम सामने आया है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को कब्र से निकाले जाने को लेकर कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
संपत्ति विवाद को निपटाने को पुलिस ने खोला सेल
रामपुर। संपत्ति संबंधी विवादों को निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अलग सेल खोलने का फैसला लिया है। यह सेल तय करेगी कि संपत्ति संबंधी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराई या जाए या फिर शिकायत का निस्तारण प्रशासन करेगा। एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक सेल का प्रभारी अनिल पांडे को बनाया गया है। सीओ की देखरेख में संपत्ति संबंधी विवादों को सुलझाया जाएगा। संपत्ति संबंधी विवाद यदि पुलिस स्तर पर कार्रवाई करने योग्य होगा तो ही अपने स्तर से कार्रवाई करेगा। यदि मामला प्रशासनिक स्तर पर है तो उसे प्रशासन को स्थानांरित कर दिया जाएगा।