तमंचे के बल पर महिला से गैंगरेप करने के मामले में पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मूढापांडे के एक गांव निवासी महिला का कहना है कि उसके मामा कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले मे रहते हैं। वह कुछ दिन पहले अपने घर से किसी सवारी से सिविल लाइंस आ गई थी। उसके बाद महिला मामा के यहां जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान महिला के जान पहचान के दो युवक उसको मामा के घर छोड़ने का कहकर अपने साथ बाइक पर बैठाकर कोठी खास बाग में ले गए।
आरोप है कि इसके बाद दोनों लोगों ने तमंचे के बल पर महिला से रेप किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी भाग गए। बाद में महिला सिविल लाइंस थाने पहुंच गई। जहां उसने पुलिस को सारा मामला बताया, लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने मामले की शिकायत एसपी से की, जहां उन्होंने महिला थाने की पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ गैंगरेप करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि 08 अप्रैल को वह दवा लेने आई थी। दवा लेने के बाद वह घर वापस जा रही थी। इस दौरान रास्ते में गांव के ही पांच लोगों ने महिला को घेर कर एक पुलिया के नीचे ले गए और गैंगरेप किया। बाद में महिला किसी तरह से अपने घर चली गई, जहां उसने परिजनों को सारा मामला बताया। बाद में महिला परिवार के साथ थाने चली गई, जहां उसने पुलिस को सारा मामला बताया। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद वह परिवार के साथ एसपी से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसपी ने अजीमनगर पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। वहीं, पीड़िता का पति पहले से गांव की एक महिला का रेप करने के मामले में आरोपी है।