पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
रामपुर।
दूसरी शादी से नाराज एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अजीतपुर गांव का है। अजीतपुर में मीनू पत्नी गंगाराम पर बुधवार की सुबह करीब दस बजे गांव में ही रहने वाले एक युवक ने घर में घुसकर फावड़े व अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमलावर ने महिला के सिर पर वार किया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी । गंभीर रूप से घायल मीनू को परिवार के लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया,लेकिन कुछ दोपहर बाद मीनू ने दम तोड़ दिया था। इस मामले की रिपोर्ट महिला के दूसरे पति गंगाराम की ओर से अजीतपुर निवासी मीनू के पहले पति ओमप्रकाश के खिलाफ दर्ज कराई है। मीनू की हत्या के पीछे उसके पहले पति का नाम सामने आया है। ओमप्रकाश अपनी पत्नी मीनू द्वारा दूसरी शादी रचाने से बेहद खफा था। इसलिए उसने मौका पाकर अपनी पत्नी को दूसरे पति गंगाराम के घर में घुसकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में मीनू के पहले पति ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया और फिर उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।