अमर उजाला ब्यूरो
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)।
झाकड़ी थाना के अंतर्गत 15/20 क्षेत्र के फांचा गांव के पास अध्यापक का शव मिला। अध्यापक फांचा गांव का ही रहने वाला था। वह फांचा के प्राइमरी स्कूल में कार्यरत था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गोपाल पुत्र धर्मपाल वीरवार रात को मोबाइल पर बात करने के लिए किसी ऊंची जगह पर गया था। फांचा में मोबाइल का नेटवर्क नहीं है। ऐसे में लोगों को किसी ऊंचे स्थान पर गांव से दूर जाना पड़ता है। शिक्षक की मौत का प्राथमिक कारण गिरना भी माना जा रहा है।
डीएसपी रामपुर देव कुमार नेगी ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि गोपाल को सुबह गांव के पास लोगों ने पड़ा देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद झाकड़ी थाने से एसएचओ कुलवंत और ज्यूरी चौकी से एएसआई विद्यासागर नेगी मौके पर गए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। मामले दर्ज कर छानबीन की जा रही है।