रामपुर बुशहर।
रामपुर में रेडिमेड कपड़ों की दुकान में कार्यरत महिला की दुकानदार के परिजनों ने बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उसके बच्चों के सामने उसके साथ मारपीट की। साथ ही उस पर दस लाख रुपये की चोरी का झूठा आरोप लगाया गया है। इतना ही नहीं मारपीट की बाकायदा मोबाइल में रिकॉर्डिंग की गई। महिला ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की बजाय दुकान के कर्मचारियों पर ही मारपीट का मामला दर्ज कर दिया।
कोटगढ़ कंडा निवासी कंजन डोलमा उर्फ कविता बीते दो माह से रामपुर की एक कपड़ों की दुकान में कार्यरत थी। उस पर आरोप लगाया कि उसने दस लाख रुपये की चोरी की है। मारपीट से महिला के मुंह और सिर से खून भी निकला और वह बुरी तरह घायल हो गई। महिला के बेटे हर्ष और बेटी रिशिता ने बताया कि उन पर मारपीट की बात किसी को नहीं बताने का दबाव डाला गया। आरोप लगाया कि उनकी मां की उनके सामने पिटाई की और उन्हें छुड़ाने भी नहीं दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने में लगी हुई है। महिला का पति गुलाब सिंह ट्रक चालक है। सूचना मिलते ही वह भी अस्पताल पहुंचा। खनेरी अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नरेंद्र मेहता ने कहा कि महिला का मेडिकल किया गया है। उधर, डीएसपी देव नेगी ने कहा कि दुकानदार के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। मामले की छानबीन की जा रही है।