सैदनगर। युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का मामले पंचायत ने रफादफा करने का फैसला सुनाया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बदले पंचायत ने 70 हजार में मामले में को रफादफा कर दिया है। पंचायत ने आरोपियों को पीड़िता को 70 हजार रुपये देने का फरमान सुनाया हैै। पंचायत का फरमान क्षेत्र में चर्चा का विषय का बना हुआ है। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसे पंचायत के बारे में जानकारी नहीं है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को पास के गांव के रहने वाले दो युवकों ने अपने जाल में फंसा लिया। इस दौरान दोनों ने युवती के साथ संबंध भी बनाए। युवती जब गर्भवती हो गई तो इसकी जानकारी उसके परिजनों को मिली। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से भी की। शिकायत के बाद पुलिस ने युवती का मेडिकल भी कराया था जहां डाक्टरों ने किशोरी को गर्भवती बताया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। बाद में मामले को निपटाने के लिए गांव में पंचायत बैठी थी। पंचायत ने दोनों आरोपियों को 70 हजार रुपये पीड़िता को देने का फरमान सुनाया। वहीं दूसरी ओर अजीमनगर थाने के एसओ ब्रजेश कुमार का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज है और इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में पंचायत होने की जानकारी उनको नहीं है।