रामपुर। अपने को सीआरपीएफ का एएसआई बताकर अपने माता-पिता को ग्रुप सेंटर में दवा दिलवाने आए युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोपहर में पुलिस उसे कोर्ट पेश किया गया। जहां से जेल चला गया।
जिला इटावा के थाना बकेवर के गांव ऊझायनी निवासी नरेश तिवारी का बेटा मोहित ने अपने परिवार के लोगों बता रखा था कि वह सीआरपीएफ में एएसआई है और रा्मपुर में उसकी पोस्टिंग है। बृहस्पतिवार को उसके माता-पिता भी रामपुर पहुंच गए थे। बृहस्पतिवार को वह वर्दी में अपने माता-पिता को दवा दिलवाने के लिए सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर ले गया था।
ग्रुप सेंटर के गेट पर तैनात जवानों ने उसको रोक लिया और पूछताछ शुरू दी थी। शक होने पर जवानों ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी। बाद में सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी आ कर उसको थाने ले आई थी। जहां देर रात को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके पास से वर्दी, बैच, नेमप्लेट, मिला है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया।