रामपुर। किसानों का डेढ़ सौ क्विंटल गेहूं धोखाधड़ी कर हड़प कर लेने के मामले में फरार चल रहे मेरठ के दो और आढ़तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में दो आढ़तियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इन लोगों ने रामपुर में आढ़त का फर्जी रजिस्ट्रेशन कराकर किसानों को करीब आठ लाख का चूना लगाया था।
मामला गंज थाना क्षेत्र के बिलासपुर गेट के पास से जुड़ा हुआ है। नैनीताल रोड पर कुछ लोगों ने खुद को आढ़ती बताते हुए किसानों से गेहूं खरीदना शुरू किया था। किसानों का करीब डेढ़ सौ क्विंटल गेहूं ले लिया गया और लेकिन जब पेमेंट देने की बात आई तो सभी लोग दुकान बंद कर फरार हो गए थे,जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ था। यह घटना 27 अप्रैल की है। इस मामले में ठगी के शिकार हुए फैजुल्लानगर निवासी रामप्रसाद ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की तफ्तीश शुरू की तो यह पूरा गैंग मेरठ का निकला। पुलिस इस मामले में मेरठ के दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है,जबकि तीन आरोपी फरार चल रहे थे। गंज पुलिस ने नामजद चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गंज कोतवाल वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलोिस ने मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के घेरझा गांव निवासी सुनील, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के न्यू गोविंद कालोनी निवासी सतपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभी इस मामले में मेरठ के सर्वोदय कालोनी निवासी अजय शर्मा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। बताया कि इन लोगों ने मंडी समिति से फर्जी तरीके से आढ़त का लाइसेंस ले लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।