अमर उजाला ब्यूरो
कुमारसैन(रामपुर बुशहर)।
पुलिस थाना कुमारसैन के तहत 14 वर्ष की मासूम के साथ दुराचार के मामले में तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन तीनों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ी का चालक पवन, पुत्र श्याम लाल गांव क्यारा, पवन उर्फ संजू गांव मझराल और राजेश गांव कंडा को हिरासत में लेकर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि एक आरोपी को पुलिस ने बीते रोज की पकड़ लिया था, जबकि अन्य दो आरोपी देर रात को पकड़े गए। गौर हो कि है कि शुक्रवार को नाबालिग को कांगल से कोटीघाट की ओर जाना था, लेकिन बस छूट जाने की बजह से उसने एचपी 09सी 0718 गाड़ी में लिफ्ट ली। गाड़ी में चालक पवन और पवन उर्फ संजू दो युवक बैठे थे। उन्होंने पहले तो गाड़ी कोटीघाट की तरफ ही घुमाई पर रास्ते में इनकी नीयत बदल गई और मासूम का मुंह बंद कर ये आरोपी उसे वापस कांगल की ओर ले गए। कांगल से तीसरे आरोपी राजेश को साथ लेकर चमोला खड्ड के साथ कंडा में सुनसान जगह में गाड़ी को खड़ा कर तीनों ने मासूम के साथ दुराचार किया और सुबह नाबालिग को गाड़ी से उतार कर फरार हो गए।
डीएसपी देव कुमार नेगी ने बताया कि तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 376डी और सेक्शन 4 पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।