राहुल गांधी की खाट पंचायत में किसानों के लिए दो हजार खाटों की व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पंचायत की सफलता के लिए कांग्रेसियों ने जनसंपर्क करना शुरू कर दिया है।
यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपना प्रचार शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस की ओर से इन दिनों खाट पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। रामपुर मे खाट पंचायत 28 सितंबर को कराने की घोषणा की गई है। केमरी में मिलक रोड पर राइस मिल के मैदान पर खाट पंचायत का आयोजन किया जाना है। खाट पंचायत के लिए पार्टी की ओर से खाटों की व्यवस्था की जा रही है।
हालांकि अभी यह तय नहीं है कि खाटों की व्यवस्था स्थानीय स्तर से होगी या फिर पार्टी मुख्यालय स्तर से। फिलहाल दो हजार खाटों की व्यवस्था करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। खाट पंचायत की जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं बिलासपुर के विधायक संजय कपूर को सौंपी गई है। संजय कपूर के नेत़ृत्व में कांग्रेसियों ने अपने स्तर इस पंचायत को सफल बनाने में जुट गए हैं। कपूर ने रविवार को केमरी पहुंचकर सभा स्थल का जायजा लिया। साथ ही यहां पर पंचायत के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों को तेज करने को कहा।
आजम के गढ़ में होने वाली राहुल गांधी की खाट पंचायत कांग्रेस के कई नेताओं का भविष्य भी तय करेगी। फिलहाल सफलता के लिए तैयरियां शुरू कर दी गई हैं। दूसरी ओर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल खां लाला ने किसान यात्रा का जोरदार स्वागत करने की बात कही है। इसको लेकर उन्होंने अजीतपुर समेत कई इलाकों का दौरा किया। साथ ही इस यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। इस मौके र मनतोष, विपिन कुमार, शाकिर अली, छत्रपाल, रइस अहमद, मिक्की मंसूरी मौजूद रहे।