रामपुर। कोरोना वायरस जिलाधिकारी आवास तक पहुंच गया है। रविवार को प्राप्त हुई सैंपल की रिपोर्ट में डीएम आवास के तीन कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गई है। यह तीनों लोग पूर्व में संक्रमित पाए गए एक्सईएन सिंचाई के संपर्क में आए थे। रविवार को कुल आठ नए मामले सामने आए हैं और 11 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक जुलाई को 419 सैंपल कोरोना संक्रमण की जांच के लिए एसजीपीजीआई लैब लखनऊ भेजे गए थे। इनमें उस समय संक्रमित पाए गए एक्सईएन सिंचाई के संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी लिए गए थे। जिसमें जिलाधिकारी आवास पर काम करने वाले कर्मी और विकास भवन के कर्मचारियों के सैंपल भी लिए गए थे। सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि 419 में से 386 सैंपल निगेटिव, आठ पॉजिटिव पाए गए हैं जबकि 15 की रिपोर्ट आनी बाकी है। दस सैंपल दोबारा भेजे जाएंगे। इनमें जिलाधिकारी आवास के तीन कर्मचारियों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वेयर का कार्य करना वाला एक संविदा कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही चार अन्य लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें एक व्यक्ति गुजरात और एक बंगलुरू से आया था जबकि दो सैंपल रैंडमली लिए गए थे। अन्य संक्रमित टांडा, शाहबाद के मोहल्ला फर्राशान, थाना कुंडा, नवादा-भोट से संबंधित हैं। इसके साथ ही कोविड अस्पताल में भर्ती 11 लोगों को दस दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी करने पर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। जिले में अब कुल भर्ती संक्रमितों की संख्या 37 है।