बिलासपुर में केमरी रोड की एक कालोनी में कोरोना पाजिटिव युवक आने की जांच करते राजस्व व सवस्थ्य कर्
- फोटो : BILASPUR
रामपुर। जिले में आठ नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। इनमें से विदेश से आए चार लोग भी शामिल हैं। इसके साथ ही दो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही दो संक्रमितों को दस दिन की आइसोलेशन अवधि पूरी करने पर डिस्चार्ज भी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने 25 जून को 203 सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से 167 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जबकि 34 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है और दो सैंपल दोबारा भेजे जाएंगे। इन 167 सैंपल रिपोर्ट में 159 सैंपल की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आई है और आठ सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में चार किर्गिस्तान, एक नोएडा और एक चेन्नई से आया व्यक्ति है जबकि दो लोग पूर्व में कोरोना संक्रमित के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। इन आठ संक्रमितों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। नए संक्रमित सनैया भोट, करीमपुर, नगलिया आकिल, बिलासपुर, कृपया पांडे, समोदिया और मोहल्ला हकीमान शाहबाद से संबंधित हैं। इसके साथ ही दो कोरोना संक्रमित में लक्षण न होने पर दस दिन के आइसोलेशन अवधि के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि अब जिले में कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमितों की संख्या 71 है।