बिलासपुर (रामपुर)। पूर्व विधायक संजय कपूर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग को लेकर पैदल मार्च निकाला। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया को सौंपा।
पूर्व विधायक संजय कपूर के नेतृत्व में माठखेड़ा मार्ग स्थित कैंप कार्यालय से जुलूस शुरू हुआ। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए नैनीताल हाईवे स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचे। पार्क में कार्यकर्ताओं ने बाबा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन एसडीएम आनंद कुमार कनौजिया को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित तौर पर धांधली की गई है। मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगे आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। साथ ही निर्वाचन आयोग के विवादित निर्णयों की संवैधानिक और विधिक समीक्षा हो, पात्र मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, उन्हें आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का पूरा अवसर दिया जाए।
इस मौके पर पश्चिमी जोन प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य, जिलाध्यक्ष प्रमिल शर्मा उर्फ निक्कू पंडित, मुतीउर्रहमान खां बब्लू, डॉ. जफर खां, नुसरत अली खां, अजीब सिंह, रवि टंडन, कपिल चौधरी, मोबीन, दीपक शर्मा, मोहम्मद नबी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।