रामपुर। यूपीआई से जुड़े मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेसी भड़क गए। कृषि राज्यमंत्री को ज्ञापन देने बिलासपुर जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने कैंप कार्यालय के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। रास्ता रोके जाने से नाराज कांग्रेसियों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। काफी देर तक मौके पर हंगामा चलता रहा। बाद में कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सीओ सिटी को सौंपा।
कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शुक्रवार को जौहर रोड स्थित पूर्व विधायक संजय कपूर के कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए थे। जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा निक्कू पंडित के नेतृत्व में उन्हें बिलासपुर पहुंचकर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख को ज्ञापन देना था। कांग्रेसी कार्यालय से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने बाहर बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया। पुलिस के इस कदम पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि एमडीआर के नाम पर आम जनता, छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से किसी तरह की अतिरिक्त वसूली नहीं होने दी जाएगी। इसी मांग को लेकर कार्यकर्ता कृषि राज्य मंत्री को ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन उन्हें कार्यालय के बाहर ही रोक दिया गया।
कांग्रेसियों ने कहा कि यूपीआई के जरिये भुगतान करने वाले छोटे कारोबारियों को एमडीआर और उससे संबंधित नियमों की स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए। इसके साथ ही किसी भी तरह की अनधिकृत वसूली की शिकायत मिलने पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इसमें यूपीआई से जुड़े एमडीआर की स्थिति स्पष्ट करने, छोटे कारोबारियों को जानकारी देने, शिकायतों का जल्द निस्तारण करने और अनधिकृत वसूली पर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान बाकर अली खान, आमिर कुरैशी, नोमान मुमताज खान, गुरबाज सिंह, राजेश लोधी आदि मौजूद रहे।