स्वार। नरपत नगर दूंदावाला में एक विधवा के बंद घर से चोरों ने करीब 3.05 लाख रुपये की नकदी और जेवर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। मायके से लौटने पर पीड़िता नसरीन को चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में तहरीर दी है।
नसरीन 14 सितंबर को मायके गई थीं और 18 सितंबर को घर लौटीं तो सामान बिखरा मिला। जांच में दो जोड़ी कानों की बालियां, चार चांदी की अंगूठियां, एक चांदी की पायल और गैस सिलिंडर गायब मिले। अन्य सामान भी चोरी हो गया था।
नसरीन ने बताया कि उनके पति कफील की 15 वर्ष पहले हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद उन्हें क्लेम से डेढ़ लाख रुपये मिले थे। अपनी मेहनत मजदूरी से बचाई रकम जोड़कर उन्होंने यह पूंजी जुटाई थी। चोरी के बाद विधवा महिला बहुत परेशान है।
उन्होंने यह भी बताया कि मोहल्ले में छह माह में तीन-चार चोरी हो चुकी हैं। पीड़िता ने पुलिस से चोरों को पकड़कर नकदी और सामान बरामद कराने की मांग की है। सीओ सोनम सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद