रामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 25 मिनट तक जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए इशारों-इशारों में अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। कहा कि जब पहले नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजे की गैंग वसूली पर निकल आती थी। उन्होंने कानपुर में इत्र कारोबारी से बरामद करोड़ों रुपये का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसी भी गरीब, दलित, युवा, महिला का शोषण या उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया। बिना भेदभाव विकास कार्य व रोजगार उपलब्ध कराने के साथ योजनाओं का लाभ दिया। कहा कि हम सोचते थे कि पहले विकास का रुपया कहां जाता था, अब कुछ दिन पहले कानपुर में हुई कार्रवाई में जब नोटों की गड्डियों के पहाड़ जेसीबी से निकालते हुए देखा तो पता चला कि कैसे सपा से जुड़े लोगों के घरों से गड्डियां निकल रहीं थी। ये धन खेत-खलिहान में पैदा नहीं हुआ बल्कि जनता के विकास के रुपयों की डकैती डालकर आया था। आप सोच सकते हैं कि कैसे लूट रहे थे। ये लोग अपना पूरा बंदोबस्त किए हैं इन्हें यूपी के गरीब, युवा, बहन-बेटी और किसान किसी से कोई मतलब नहीं है।
कहा कि जब पहले नौकरी निकलती थी तो चाचा-भतीजे का पूरा गैंग वसूली पर निकला आता था। भर्ती विवादित हो जाती थी और न्यायालय से स्टे लग जाता था, जो नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ था। हमने अपनी सरकार में चार लाख नौकरी दी और एक करोड़ 61 लाख को लोगों को निवेश के जरिए रोजगार दिलाया।