रामपुर। एक जनवरी को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अफसरों ने रठौंडा में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही सफाई और रंगाई पुताई का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री योगी के एक जनवरी को रठौंडा में प्रस्तावित जनसभा शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी अधिकारी गजल भारद्वाज ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड एवं रठौंडा मंदिर के निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि वे मार्ग के किनारे स्थित तालाब की सफाई व्यवस्था एवं मंदिर परिसर में जरूरी सौंदर्यीकरण का कार्य कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी सफाई कर्मियों की टीम लगाकर कार्यक्रम स्थल और मार्ग के किनारे सफाई कार्य बेहतर कराएं। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि हैलीपेड पर मानक के अनुरूप सभी कार्य ससमय पूर्ण हो जाएं और जनसभा स्थल पर समतलीकरण कार्य भी यथाशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंधन के बारे में भी उन्होंने सीओ और इंस्पेक्टर से बातचीत की। आमजन की सुविधा के मद्देनजर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ स्वच्छ पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की उपलब्धता के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मिलक को निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, उप जिलाधिकारी मिलक राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।