रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र में 180 दुकानों पर लाल निशान देखकर तमतमाए दुकानदार रविवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना के पास पहुंचे और अपनी पीड़ा बताई। शहर विधायक ने दुकानदारों की समस्या के संबंध में डीएम से बात की। इसके बाद दुकानदारों को लखनऊ स्थित हजरत गंज मार्केट की तर्ज पर सिविल लाइंस मार्केट का सुंदरीकरण कराने की जानकारी दी। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वह फुटपाथ को खाली करने में प्रशासन का सहयोग करें।
इन दिनों जिला प्रशासन की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पिछले दिनों नगर पालिका की ओर से सिविल लाइंस स्टेशन रोड स्थित मार्केट में 180 दुकानों पर लाल निशान लगाए गए थे। जिसके बाद दुकानदारों के दिलों की धड़कनें बढ़ गईं थीं। घबराए दुकानदार रविवार को शहर विधायक के रामपुर सेवक कार्यालय पर पहुंचे, जहां उन्होंने विधायक से बात की और अपनी चिंताओं को व्यक्त किया।
दुकानदारों का कहना था कि वह जब से रामपुर में रह रहे हैं, इन्हीं दुकानों से उनके परिवार का पालन पोषण हो रहा है। ऐसे में यदि दुकानें हटाई जाती हैं तो उनके समक्ष बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा। वे अपने परिवार को कैसे पालेंगे। इसके बाद विधायक ने डीएम जोगिंदर सिंह से फोन पर बातचीत की और दुकानदारों की समस्या को प्रमुखता से रखा। डीएम ने विधायक को आश्वस्त करते हुए कहा कि हम सिर्फ मार्केट का सौंदर्यीकरण करना चाहते हैं।
अतिक्रमण एक बड़ी समस्या के रूप में बाधक बन रहा है। फुटपाथ तक पर लोगों के अवैध कब्जे हैं, जिस कारण राहगीरों को आवागमन में दिक्कत होती है। इस पर दुकानदारों ने प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि शहर सुंदर होगा तो उसमें सभी का भला होगा। यदि रामपुर का यह प्रमुख मार्केट लखनऊ की हजरत गंज मार्केट की तरह सुंदर हो जाए तो कितना अच्छा होगा। कारोबार बढ़ेगा। थोड़ी दिक्कत आएगी, लेकिन उसमें दुकानदारों का सहयोग उन्हें बड़े फायदे देगा। सभी को फुटपाथ खाली करना होगा, जिससे उनकी दुकान सुंदर दिखे। जिस पर सहमति बन गई। दुकानदार पूरी तरह संतुष्ट होकर गए। इस अवसर पर सभी प्रमुख दुकानदार व समाजसेवी उपस्थित रहे।