शाहबाद (रामपुर)। शाहबाद में कई सालों तक किराये के मकान रहने वाले एक व्यक्ति की जांच केंद्रीय विदेश मंत्रालय से आई है। पुलिस और एलआईयू ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जिस व्यक्ति की जांच आई है वह पहले शाहबाद में रहा है। इन दिनों वह बरेली जिले के एक कस्बे में रह रहा है। पुलिस ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की है।
शाहबाद कस्बे के एक मोहल्ले में पूर्व में रहे एक व्यक्ति की नागरिकता की जांच आई है। हालांकि उस व्यक्ति की जांच खुफिया एजेंसी द्वारा हफ्ते भर पूर्व की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार कई वर्ष पूर्व पश्चिम बंगाल से आया था और कस्बे के एक मोहल्ले में किराये पर रहा था। शनिवार को सीओ धर्म सिंह मार्छल द्वारा उक्त व्यक्ति की जांच कराई गई। नागरिकता की जांच पड़ताल करने के संबंध में नगर के कई व्यक्तियों को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया।
पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति इन दिनों शाहबाद से लगने वाली बरेली जिले के एक कस्बे में रह रहा है। शाहबाद कोतवाली पुलिस अब उक्त व्यक्ति की नागरिकता के संबंध में साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। भारत की नागरिकता होने के संबंध में पूरी जांच रिपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों से तलब की है।