जमीनों के सर्किल रेट को बढ़ाने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। सोमवार से अब जिलेभर में नए सर्किल रेट के हिसाब से जमीन की खरीद फरोख्त की जाएगी। प्रशासन की ओर से जिन स्थानों पर सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं, वहां के लोगों की बेचैनी है।
जमीनों के सर्किल रेट तय करने को लेकर लंबे समय से माथापच्ची चल रही थी। कुछ दिन पहले सब रजिस्ट्रार के माध्यम से सर्किल रेट के प्रस्ताव को तैयार कर लिया गया था, जिसे प्रशासन के सुपुर्द कर दिया था। प्रशासन ने कई दिनों की माथापच्ची के बाद इस सर्किल रेट को सार्वजनिक करते हुए आपत्तियां मांगी थीं।
जमीनों के सर्किल रेट तय करने में अफसरों के पसीने छूट रहे थे। खासतौर से सदर क्षेत्र की बस्तियों के सर्किल रेट को तैयार करना अफसरों के लिए मुश्किल हो रहा था। प्रशासन ने इसको लेकर कई दफा रेट प्रस्तावित किए, लेकिन उसे नकार दिया गया। सदर क्षेत्र में कई लोगों ने आपत्तियां दर्ज कीं, जिनका निस्तारण कर दिया गया।
कुल मिलाकर अब नए सर्किल रेट को हरी डीएम ने भी हरी झंडी दी है। प्रशासन की ओर से सोमवार से नए सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि नए सर्किल रेट तय कर दिए गए हैं। जमीनों के रेट 12 से 15 फीसदी तक बढ़ाए गए हैं।
कुछ इलाकों में रेट कम किए गए हैं। सर्किल रेट ग्रामीण इलाकों की ओर से ज्यादा बढ़ाए गए हैं। शहरी क्षेत्र के उन इलाकों की जमीन के सर्किल रेट में कमी की गई है, जहां गरीबों की बस्ती है। उनके मुताबिक नए सर्किल रेट को लेकर डीएम ने भी हरी झंडी दे दी है।