शाहबाद (रामपुर)। शाहबाद के तुरखेड़ा गांव के पास बुधवार की शाम करीब पांच बजे सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा में मासूम सहित आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। हादसे में ई-रिक्शा के नीचे दबने से छह माह की मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कार्रवाई की बात कही, तो परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।
शाहबाद क्षेत्र के बंदार गांव निवासी धर्म सिंह के घर जनपद मुरादाबाद के थाना छजलैट क्षेत्र के गांव कूड़े मीरपुर निवासी दामाद सतीश और बेटी नीतू आए हुए थे। बुधवार शाम लगभग पांच बजे नीतू अपनी बेटी पल्लवी (6 माह) बहन पार्वती, ममता और चाची मंजू एवं बंदार गांव निवासी ई-रिक्शा चालक कुंवरपाल के साथ शाहबाद सामान खरीदने जा रही थी। इस दौरान ई-रिक्शा में चालक की पत्नी बर्फा देवी और बेटा भी सवार था। रास्ते में क्षेत्र के तुरखेड़ा गांव के निकट गड्ढे को बचाने के चक्कर में ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा के पलटते ही चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ई-रिक्शा सवारों को उठाया लेकिन, ई-रिक्शा के नीचे दबने से मासूम पल्लवी की मौके पर ही मौत हो गई। नीतू, पार्वती, और मंजू चोटिल हो गई। उधर, मौका पाकर चालक ई-रिक्शा छोड़कर अपने परिवार समेत फरार हो गया। घटना के बाद घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मृतक के पिता सतीश अपने रिश्तेदार चंद्रपाल और ससुर धर्म सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार के लोगों से शव को पोस्टमार्टम कराने और कार्रवाई करने के लिए कहा लेकिन, परिवार के लोगों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।