रामपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रामपुर पुलिस अलर्ट है। इसको लेकर पुलिस ने शहर के तमाम संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी है। वहीं, रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। साथ ही जीआरपी और आरपीएफ ने स्टेशन पर डॉग स्कावाड के साथ रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस बार देश आजादी का 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। लिहाजा, सरकार की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस मनाने को लेकर खास दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में शहर की सुरक्षा को लेकर रामपुर पुलिस भी अलर्ट है। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने शहर के तमाम संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही व्यापक वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सीआरपीएफ गेट के पास भी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा आकाशवाणी, रजा लाइब्रेरी और अन्य स्थानों पर पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है।
वहीं, शुक्रवार को जीआरपी सीओ देवी दयाल रामपुर पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ और जीआरपी के साथ रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्धों और उनके सामान की तलाशी ली गई। सीओ जीआरपी देवी दयाल ने बताया कि स्टेशन पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने सुरक्षा का पहरा बढ़ा दिया है। संदिग्धों की तलाशी का लेकर भी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही प्लेटफार्म पर शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि सर्कुलेटिंग एरिया पर आने-जाने वालों पर नजर रखने के लिए भी पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। इस मौके पर आरपीएफ प्रभारी राकेश कुमार, जीआरपी प्रभारी सिद्धार्थ सिंह तोमर भी मौजूद रहे।