नैनीताल से दिल्ली जाते वक्त निजी बस में मां-बेटी संग छेड़खानी के मामले की तफ्तीश पूरी हो गई है। भोट पुलिस ने इस मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। इससे आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बस में छेड़खानी का यह मामला दस जून 16 की रात का है। नोएडा की एक महिला अपनी बेटी के संग नैनीताल से दिल्ली के लिए एक निजी बस में सवार हुई थी। आधी रात के वक्त बस सवार चालक व परिचालक समेत अन्य छह युवकों ने उनके साथ छेड़खानी की थी और विरोध करने पर जानलेवा हमला भी किया था। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी फोन के जरिये एसपी को दी थी।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने इस बस को पकड़ लिया था। भोट पुलिस ने ड्राइवर व कंडक्टर समेत पांच को मौके से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने मामले की तफ्तीश के बाद अब इस मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। कोर्ट ने इसे संज्ञान में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक जिन पर चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें बुलंदशहर निवासी अशोक कुमार, प्रवेश कुमार, विवेक, रविंद्र कुमार, विशाल दिवाकर हैं। एसओ के मुताबिक इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को भी जेल भेजा जा चुका है।