रामपुर। एसपी आवास के पास स्कूटी सवार एक युवती की बाइक सवार लुटेरों ने चेन लूट ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एसपी आवास के निकट का है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बजरिया खानसामा निवासी मानसी अपनी मां अनीता और बहन पूनम के साथ स्कूटी से सिविल लाइंस क्षेत्र में आई थीं। आवास विकास कॉलोनी रोड पर रात करीब नौ बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर मानसी के गले से चेन लूट ली।
घटना के बाद बाइक सवार लुटेरे भाग खड़े हुए। कुछ लोगों ने बाइक सवारों का पीछा करने की भी कोशिश की। बाद में घटना की जानकारी देने के लिए मानसी व उनके परिवार के लोग सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। बताया जाता है कि मानसी के तहेरे भाई की शादी होनी है। वह शादी के लिए शाॅपिंग करने के लिए निकली थीं। हालांकि, सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। उनका कहना है कि यदि कोई तहरीर लेकर आएगा तो इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। संवाद