सहकारी समिति में अनियमितताएं उजागर, जांच के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक। सीडीओ गुलाब चंद्र ने शनिवार को ग्राम चिचोली और धनेली उत्तरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सहकारी समिति के गोदाम में स्टॉक के मुकाबले कम खाद पाई गई। इस पर सीडीओ ने एआर को-ऑपरेटिव को जांच के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अन्नपूर्णा राशन दुकान और सहकारी समिति का भी जायजा लिया गया, जहां कई अनियमितताएं सामने आईं।
सहकारी समिति के निरीक्षण में स्टॉक रजिस्टर में 1000 बोरी खाद दर्ज मिलीं, जबकि गोदाम में केवल 529 बोरी ही मौजूद थीं। इसके अलावा समिति सचिव उमेश कुमार भी मौके पर अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने एआर को-ऑपरेटिव को तत्काल जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चिचोली में मनरेगा कार्यस्थल के निरीक्षण में रजिस्टर में 63 मजदूर दर्ज पाए गए, लेकिन मौके पर केवल 50 मजदूर ही काम करते मिले। सीडीओ ने मजदूरों के जॉब कार्ड और पोर्टल पर उपस्थिति का सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि शुक्रवार के मस्टररोल में एक ही फोटो का बार-बार उपयोग किया गया था। इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।