धमोरा (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की धमोरा शाखा में सोमवार सुबह सवा नौ बजे आग लग गई। बैंक के सामने स्थित दुकानों पर लोगों ने धुआं निकलते देखा तो सूचना पुलिस और बैंक कर्मियों को दी। सूचना पर एक बैंक कर्मी व पुलिस मौके पर पहुंच गए और फायर ब्रिगेड को बुलाया। सूचना पर मौके पर पहुंच फायर ब्रिगेड ने करीब बीस मिनट बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से कंप्यूटर, फर्नीचर और एसी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग से करीब बीस लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई गई है, हालांकि पूरे नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। वहीं आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के धमोरा गांव में पंचायत घर के पास हाईवे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा है। बैंक शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और अन्य कर्मचारी शुक्रवार शाम बैंक शाखा बंद कर गए थे। सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे बैंक के सामने स्थित एक दुकानदार ने बैंक के अंदर से धुआं निकता देखा। यह देख दुकानदार ने धमोरा चौकी पुलिस को अवगत कराया। इस दौरान एक बैंक कर्मी सूचना पर मौके पर पहुंच गया।। इसके बाद बैंक शाखा का मुख्य गेट खोला गया तो अंदर भीषण आग धधकी हुई थी। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब बीस मिनट की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। शाखा प्रबंधक जितेंद्र अनेजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया में आग शॉर्टसर्किट से लगने की आशंका है। उन्होंने तकरीबन 20 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।