रामपुर। मसवासी में मिर्च तौलने को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने एक नामजद समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
गांव खुशहालपुर निवासी प्रेमनारायण की ओर से थाना स्वार में दी गई तहरीर के अनुसार, बुधवार को वह अपने खेत की मिर्च खुशहालपुर मोड़ पर तुलवा रहा था। आरोप है कि दोबारा मिर्च तौलने की बात कहने पर मसवासी निवासी मेहफूज आलम तथा उसके साथ मौजूद अन्य लोग आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी संतोष देवी और पुत्री के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे जबरन एक कैंटर में बैठाकर ले गए और रास्ते में भी मारपीट की। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने किसी तरह उसे बचाया।
मामले में पुलिस ने मेहफूज आलम समेत छह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी सोहनपाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।