भोट (रामपुर)। पीलाखार नदी में बुधवार शाम दोस्तों के साथ नहाने गए एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद नदी से उसका शव बरामद किया। किशोर की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों द्वारा कानूनी कार्रवाई से इन्कार करने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना क्षेत्र के गुजरैला गांव निवासी सुमित (15) पुत्र नन्हें उर्फ दिले राम गांव के ही स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। परिजनों के अनुसार, सुमित बुधवार शाम अपने साथियों के साथ गांव के पास से गुजर रही पीलाखार नदी में नहाने गया था।
नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सुमित को डूबता देख उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद साथियों ने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजनों के साथ ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद थाना पुलिस की टीम दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। काफी देर की खोजबीन के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया। बृहस्पतिवार सुबह गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव के रोजगार सेवक हेमराज ने बताया कि मृतक के पिता नन्हें उर्फ दिले राम मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें सुमित सबसे छोटा था।