स्वार। वन विभाग मुरादाबाद की उड़नदस्ता टीम ने टांडा-बाजपुर मार्ग पर खैर की लकड़ी से लदे कैंटर को पकड़कर सलारपुर वन रेंज को सौंप दिया है। दो कथित तस्कर गिरफ्तार किए गए, जबकि तीन साथी फरार हो गए।
शनिवार सुबह गश्त के दौरान एक तिरपाल से ढकी कैंटर संदिग्ध दिखी। रोकने का इशारा करने पर चालक ने भागने का प्रयास किया। टीम ने पीछा कर कैंटर को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम नदीम निवासी टोडीपुरा, टांडा और शैम्पू निवासी धनैली, फतेहगंज, बरेली बताए। तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
कैंटर में करीब 80 क्विंटल खैर की लकड़ी लदी थी, जिसकी कीमत लाखों में है। वन रेंजर रामकांत सक्सेना ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जांच की जा रही है कि लकड़ी उत्तराखंड से लाई गई या पीपली वन क्षेत्र से अवैध रूप से काटी गई।